बिलासपुर। कोरोना कर्फ्यू पुरानी बंदिशों के साथ 14 जून तक बढ़ने के बाद सोमवार को बाजारों में लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। बाजार में कपड़ों की दुकानों में लोगों का जमावड़ा देखा गया। सड़कों पर भी गाड़ियों की काफी चहल-पहल रही। बाजारों में लोगों ने मास्क तो लगाया था, लेकिन सामाजिक दूरी की पालना नहीं हो रही थी।
जिले में शुक्रवार और शनिवार को सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानें ही खुली थीं। लेकिन सोमवार को सभी दुकानें खुलने के कारण सुबह से बाजारों में लोगों की भीड़ देखने को मिली। लगभग सभी दुकानों में ग्राहकों का आना-जाना लगा रहा, लेकिन कपड़े की दुकानों में भीड़ ज्यादा देखने को मिली। कपड़ों की दुकानों में दर्जनों की संख्या में लोग एक साथ बैठकर खरीदारी करते नजर आए। दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। वहीं स्टेशनरी की दुकानों में भी लोगों की काफी चहल-पहल रही। दुकानदारों का कहना है कि दुकानें खोलने की समयसीमा कम है, जिसके कारण लोगों की एक साथ भीड़ जमा हो जाती है। विवाह शादियों का सीजन है, जिसके कारण कपड़ों की दुकानों में लोगों का जमावड़ा ज्यादा रहता है। शहर की हार्डवेयर व अन्य दुकानों में इक्का दुक्का लोग दिखाई दिए। हालांकि सरकार की ओर से धीरे-धीरे रियायतें दी जा रही हैं लेकिन लोगों को अभी भी सतर्क रहने की जरूरत है।