भराड़ी/स्वारघाट (बिलासपुर)। जिले में हुए दो सड़क हादसों में नौ लोग घायल हो गए। एक हादसा घुमारवीं के डंगार में बरात से लौट रही दुल्हे के पिता की कार का हुआ है, जिसमें दुल्हे के पिता सहित पांच लोग घायल हुए हैं। दूसरे हादसे में स्वारघाट के रछोह में एक कार गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें मनाली घूमने जा रहे चार दोस्त घायल हो गए। स्वारघाट और भराड़ी थाना पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा उपमंडल घुमारवीं के डंगार में हुआ है। यहां शिमला-मटौर नेशनल हाईवे पर बरात से वापस लौट रही एक आल्टो कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में दुल्हे के पिता, मामा, पंडित और दो फोटोग्राफर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों की बाहर निकाल कर एंबुलेंस की मदद से घायलों को घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया गया। कार में सवार पांच घायलों में से दो की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बरात बिलासपुर के कुठेड़ा से हमीरपुर के धनेटा गई थी। शनिवार सुबह बरात वापस लौट रही थी कि डंगार कस्बे के समीप बरात में शामिल आल्टो कार सडक़ किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। कार को दूल्हे के पिता चले रहे थे, जबकि कार में दुल्हे के मामा, शादी में शरीक पंडित के अलावा दो फोटोग्राफर मौजूद थे। हादसे में कार में सवार यह सभी लोग घायल हुए हैं। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया ,जबकि गाड़ी के एयरबैग खुल गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की जोरदार टक्कर से ट्रक करीब चार फीट तक आगे चला गया। हादसे में दूल्हे के पिता सुरेश कुमार निवासी गांव कुठेड़ा, मामा प्रेम कुमार निवासी गांव गोहर, पंडित कमल निवासी गांव तासली, फोटोग्राफर जगदीश निवासी गांव घंडालवीं, फोटोग्राफर संजय निवासी गांव खरवाडं जिला बिलासपुर घायल हुए हैं। फोटोग्राफर जगदीश और संजय को जिला अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार घुमारवीं अस्पताल में चल रहा है। डीएसपी अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
दूसरा हादसा उपमंडल स्वारघाट के रच्छोह में हुआ है। यहां चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर पंजाब से मनाली के लिए घूमने निकले पर्यटकों की थार गाड़ी गहरी खाई लुढ़क गई। हादसे में कार सवार चार दोस्त घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए एफआरयू नालागढ़ में भर्ती करवाया गया है। सड़क दुर्घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जब पंजाब के पर्यटक अपनी थार गाड़ी से मनाली घूमने जा रहे थे। इनकी थार गाड़ी स्वारघाट से कुछ दूर आगे उतराई में रच्छोह पुल निकट पहुुंची तो अचानक गाड़ी लुढ़क कर गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना की सूचना इनके पीछे घूमने जा रहे पर्यटकों ने स्वारघाट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्वारघाट थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद चारों युवकों को रस्से मदद से बाहर निकाला। घायलों की पहचान जश्नप्रीत सिंह पुत्र सुखजीत सिंह निवासी जाटवाली डाकघर तलवंडी साबो जिला बठिंडा, हरप्रीत सिंह पुत्र मक्खन सिंह निवासी गांव तहन्यार तहसील तलवंडी साबो जिला बठिंडा, एकमप्रीत सिंह पुत्र गुरप्रीत सिंह निवासी जीवनसिंग वाला डाकघर तलवंडी साबो जिला बठिंडा, युरेंद्र पाल सिंह पुत्र जगदीप सिंह त्योक पुजारिया तहसील तलवंडी जिला बठिंडा पंजाब राज्य के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन युरेंद पाल की टांग में गंभीर चोट लगी है। मामले की पुष्टि डीएसपी श्री नयनादेवी जी शेर सिंह ने की है।