-शहर के मुख्य बाजार स्थित दुकान से हुई चोरी
- चोर सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद, जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर के मुख्य बाजार स्थित एक दुकान से चोर 25,000 रुपये के नोटों के हार और 2000 रुपये नकद चुरा ले गए। मुख्य बाजार में इस चोरी से हर कोई हैरान है। क्योंकि बाजार में कई रिहायशी मकान भी हैं, लेकिन किसी को वारदात की भनक नहीं लगी। हालांकि चोर सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल उनकी पहचान की जा रही है। सिटी चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा तो इसकी सूचना दुकान मालिक को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे दुकान मालिक प्रदीप कुमार निवासी गांव सुंगल डाकघर बिनौला जिला बिलासपुर ने पुलिस को बुलाया। दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमराें की जांच की गई तो पता चला कि बाइक पर दो व्यक्ति आए और उन्होंने शटर को तोड़ कर वारदात को अंजाम दिया। दुकान के अंदर जांच की गई तो 25000 रुपये के नोटों के हार और 2000 रुपये नकद चोरी होना पाए गए। एएसपी बिलासपुर शिव कुमार चौधरी ने बताया कि छानबीन की जा रही है।