ऋषिकेश स्कूल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थी व अन्य। स्रोत:
ऋषिकेश स्कूल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित की गतिविधियां, सरदार पटेल के योगदान को किया याद
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऋषिकेश के एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर कैडेट्स ने पेंटिंग, स्लोगन लेखन और जागरूकता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से अनेकता में एकता, एक भारत-श्रेष्ठ भारत और राष्ट्रीय एकता जिंदाबाद जैसे नारों से देश की एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान कैडेट्स को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के बारे में भी जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव बनाए रखने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शशि पाल चौहान ने कैडेट्स की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर अब्दुल मजीद के मार्गदर्शन में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स को राष्ट्रसेवा और अनुशासन का महत्व समझाया गया।