बिलासपुर। उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि 17 मार्च से शुरू होने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला में इस बार बाहर से कोई सिंगर नहीं बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले में पहली बार मिस कहलूर इवेंट करवाया जाएगा, जिसमें बिलासपुर की लड़कियां हिस्सा लेंगी। मेले में हर बार की तरह चार सांस्कृतिक संध्याएं होंगी, जिसमें बाहर से कोई भी सिंगर नहीं बुलाया जाएगा और बिलासपुर व हिमाचल के कलाकारों को मौका देकर प्रदेश की प्रतिभा को निखारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि मैजिक शो, राष्ट्र स्तरीय कुश्ती, हॉकी, कबड्डी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इस बार बिलासपुर केसरी भी प्रस्तावित है, अगर बजट का प्रावधान हुआ तो पहली बार कुश्ती प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसके अलावा पशुओं की प्रतियोगिता होगी। स्टार नाइट में अंतिम दिन हिमाचल पुलिस आर्केस्ट्रा हारमनी ऑफ द पाइन्स होगा। उस दिन लाइव पेंटिंग सीएम की होगी। इसी पेंटिंग को सीएम को गिफ्ट दिया जाएगा। छोटे-बच्चों का योगा शो होगा। एक अच्छे गायक को उस दिन प्रस्तुति का मौका दिया जाएगा।
बता दें कि हर बार सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों की संख्या ज्यादा होती है और उन्हें स्टेज पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता है। मगर इस बार एक रात के कार्यक्रम में तीन ही गायकों को समय दिया जाएगा। हर कलाकार 40 मिनट स्टेज पर रहकर लोगों का मनोरंजन करेगा।
मेला मैदान में लगेगा लगेगा जर्मन हैंगर टेंट
उपायुक्त ने कहा कि लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए हमें राजस्व चाहिए। हर बार कार्टेलाइजेशन के कारण राजस्व कम मिलता था। इस बार कार्टेलाइजेशन तोड़ने के लिए एक साथ पूरा टेंडर किया गया। गत वर्ष टैक्स सहित 44 लाख का टेंडर गया था, इस बार टैक्स सहित दोगुना से ज्यादा 95 लाख का हुआ है। यानी 50 लाख रुपये से ज्यादा मुनाफा कमाया। इस बार प्लॉट की कीमतों में 20 फीसदी वृद्धि की जाएगी और इसमें स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलेगी। प्लॉट आवंटन को लेकर ठेकेदार कोई मनमानी न करे, इसकी निगरानी के लिए दो अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नलवाड़ी मेले में पहली बार जर्मन हैंगर टेंट लगेगा। इससे लोगों का बारिश और धूप से बचाव होगा और लोग आराम से मेले में होने वाले कार्यक्रमों का लुत्फ उठा सकेंगे।
पैराग्लाइडिंग पर संशय
बंदला पैराग्लाइडिंग साइट को दोबारा नोटिफाई अभी तक नहीं किया गया है। जिसके चलते इस बार नलवाड़ी मेले में पैराग्लाइडिंग के शौकीन पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा पाएंगे या नहीं इस पर संशय है। साइट अगर नोटिफाई हो जाती है तो ही पैराग्लाइडिंग होगी।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान करेंगे शुभारंभ
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान 17 मार्च को राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले का शुभारंभ करेंगे। उसी दिन बजट पेश होगा, ऐसे में शाम चार बजे मेला का शुभारंभ होगा। इससे पहले यह 11:00 बजे होता था। मेले के समापन पर अंतिम दिन 23 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यातिथि होंगे। वहीं, प्रशासन अन्य सांस्कृतिक संध्याओं के लिए भी मंत्रियों को बतौर मुख्यातिथि बनाएगा। इस पर भी विचार किया जा रहा है।