सड़क किनारे थी खड़ी, शीशे की फट्टी खोलकर वारदात को दिया अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस थाना भराड़ी के तहत बाड़ी कस्बे में सड़क किनारे खड़ी कार का शीशा खोलकर शातिर म्यूजिक सिस्टम ले उड़े। बीते पांच दिनों के भीतर एक दर्जन वाहनों से बैटरियां, स्टेफनी सहित अन्य सामान चोरी होने की वारदात हो चुकी हैं। सीसीटीवी कैमरा होने के बावजूद चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं।
बाड़ी गांव के राकेश कुमार ने बताया कि वह हर दिन कार को सड़क किनारे खड़ी करता है। रात को भी उसने कार सड़क किनारे खड़ी कर घर चला गया था। सुबह देखा तो गाड़ी का शीशा खुला हुआ था। गाड़ी के अंदर लगा म्यूजिक सिस्टम चोरी हो चुका था। राकेश के अनुसार शातिरों ने बड़ी होशियारी से शीशे में लगी फट्टी को खोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बताते चलें कि इस क्षेत्र में हाईवे पर लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। निहारी, बाड़ी, हरितल्यांगर आदि कस्बों से गाड़ियों की बैटरियां, डीजल आदि चोरी हो चुका है। पुलिस लगातार गश्त के दावे करती है लेकिन चोर बिना डर के चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हाईवे पर जगह-जगह पुलिस के सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोर गिरोह सक्रिय हैं। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि दिन प्रतिदिन हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। थाना प्रभारी भराड़ी अनूप कुमार ने बताया कि चोरी की घटनाओं की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस कार्य कर रही है। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।