घुमारवीं स्थित नगर परिषद द्वारा निर्मित पार्किंग। संवाद
50 से 60 गाड़ियों की होगी क्षमता, मासिक, दैनिक आधार पर मिलेगी पार्किंग सुविधा
डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है भवन, निजी ठेकेदार करेगा संचालित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं की ओर से एसडीएम कार्यालय और तहसील परिसर के समीप निर्मित बहुमंजिला पार्किंग सुविधा 16 अगस्त से आम जनता के लिए शुरू कर दी जाएगी। इस पार्किंग भवन के निर्माण पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत आई है। नगर परिषद इसे निजी ठेकेदार के माध्यम से संचालित करेगी।
नगर परिषद का कहना है कि पार्किंग सुविधा नगर के व्यस्ततम क्षेत्र में स्थित है। इसके शुरू हो जाने से एसडीएम कार्यालय, तहसील परिसर और आसपास के बाजारों में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही शहर में लगातार बढ़ रही यातायात और पार्किंग की समस्या का समाधान होगा। पार्किंग भवन तक सीधा पहुंचने के लिए एक बाईपास रोड का भी निर्माण किया जा रहा है। इसके बन जाने से वाहन चालकों को पार्किंग तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी और मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा। करीब 50 से 60 गाड़ियों की क्षमता वाली इस बहुमंजिला पार्किंग में वाहनों की पार्किंग के लिए दो प्रकार की व्यवस्था की गई हैं। सबसे निचली मंजिल पर मासिक आधार पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए उपयोगकर्ताओं को 600 रुपये प्रति माह शुल्क देना होगा। यह व्यवस्था उन सरकारी कर्मचारियों, दुकानदारों और स्थायी उपयोगकर्ताओं के लिए लाभकारी होगी, जिन्हें प्रतिदिन पार्किंग की आवश्यकता होती है। ऊपरी मंजिल पर दैनिक आधार पर पार्किंग की सुविधा रहेगी। यहां वाहन चालकों से दो घंटे के लिए 20 रुपये शुल्क लिया जाएगा। यदि कोई वाहन पूरे दिन के लिए पार्क किया जाता है तो इसके लिए अधिकतम 60 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
नगर परिषद का कहना है कि यह दरें बहुत ही वाजिब रखी गई हैं ताकि आम लोग अधिक से अधिक इसका लाभ उठा सकें। नगर परिषद ने बताया कि इस पार्किंग के चालू हो जाने से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आएगा। सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों की समस्या भी काफी हद तक समाप्त होगी, जिससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों दोनों को सुविधा होगी। नगर परिषद घुमारवीं के कार्यकारी अधिकारी खेमचंद वर्मा ने बताया कि यह पार्किंग सुविधा पूरी तरह से पेड होगी। उन्होंने कहा कि बहुत कम शुल्क में लोगों को गाड़ी पार्क करने की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।