प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर मिलेगी राहत और मुआवजा
बोले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे हिमाचल का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने और प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनने के लिए विधायक जीतराम कटवाल लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। सोमवार को उन्होंने पिछड़ा क्षेत्र कोटधार का दौरा किया। इस दौरान जेजवी पंचायत के सिल्ह और डूडियां पंचायत के चैहड़ व ढोलग गांवों में जाकर उन्होंने आपदा से प्रभावित मकानों, रसोईघरों, शौचालयों, गोशालाओं, फसलों और जमीनों के नुकसान का निरीक्षण किया।
विधायक ने पंचायत डूडियां के रूप सिंह, विद्या देवी, सोहन लाल, रमेश चंद, निक्कु राम, गंगा देवी, प्रीतम सिंह सहित करीब 20 परिवारों तथा पंचायत जेजवी के लगभग 25 परिवारों के क्षतिग्रस्त घरों और पशुशालाओं का मौके पर जायजा लिया। कटवाल ने आश्वस्त किया कि चाहे लोगों के आशियाने हों या पशुशाला, खेत-खलिहान हों या रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े साधन, हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस बार बरसात के मौसम ने पूरे प्रदेश में अप्रत्याशित तबाही मचाई है और झंडूता क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं रहा। संकट की इस घड़ी में वे हर कदम पर पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहायता पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पिछले चार–पांच दिनों में लगभग 590 परिवारों को प्रशस्ति पत्र सौंपे गए हैं, जिससे वे अपने सपनों का आशियाना बना सकेंगे। आपदा ने हमें यह सबक दिया है कि एकजुट होकर ही बड़ी से बड़ी कठिनाई का सामना मजबूती से किया जा सकता है।
कहा कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिमाचल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उनका यह दौरा राहत और पुनर्वास कार्यों की रफ्तार को बढ़ाने के साथ-साथ प्रभावित परिवारों में नई ऊर्जा और भरोसा जगाएगा। विधायक ने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द राहत सामग्री पहुंचाई जाए। बेघर परिवारों के रहने और खाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाई जाए।