संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। घुमारवीं थाना के तहत निहारी कस्बे के समीप जंगल में गला-सड़ा शव मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शुक्रवार सुबह निहारी रेस्ट हाउस के पास जंगल में लकड़ियां लाने गए स्थानीय व्यक्ति ने शव को देखा, जिसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी। प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव के पास एक बैग मिला है, जिसमें टोपी, भगवा रंग का कपड़ा व बस का टिकट बरामद हुआ।
आस-पास के थानों से लापता व्यक्तियों के संदर्भ में जानकारी ली गई। हमीरपुर जिले के भोरंज पुलिस थाना से जानकारी मिली कि दो मार्च को एक व्यक्ति की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज हुई है। लापता व्यक्ति के परिजनों को मौके पर बुलाया गया।
उन्होंने कपड़ों व जूतों से शव की शिनाख्त की। मृतक की पहचान देशराज निवासी गांव चंदरुही जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।