मंत्री ने घुमारवीं में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को सुलझाने के दिए निर्देश
लोक निर्माण विभाग सड़कों की मरम्मत और रखरखाव का रखे विशेष ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। तकनीकी शिक्षा राजेश धर्माणी ने मंगलवार को घुमारवीं में जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को हमीरपुर-घुमारवीं मुख्य सड़क की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन बेहतर व सुरक्षित हो सके।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण हादसों का अंदेशा बना हुआ है। ऐसे में संबंधित विभागीय अधिकारी जल्द इस प्रमुख सड़क की मरम्मत करना सुनिश्चित करें। धर्माणी लोक निर्माण विभाग को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में बारिश से खराब हुई संपर्क सड़कों का भी बेहतर रखरखाव और मरम्मत करने को कहा, ताकि यातायात सुरक्षित बना रहे। जल शक्ति विभाग को सभी पेयजल आपूर्ति योजनाओं और बिजली बोर्ड को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने के भी निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि घुमारवीं क्षेत्र में हुए नुकसान का शीघ्र आकलन और प्रभावितों को शीघ्र राहत दें। राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का प्रमुख ध्येय आमजन का कल्याण और जन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना है। प्रदेश सरकार ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, ताकि समाज की सबसे पिछली पंक्ति में बैठे लोगों को भी सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करते हुए मुख्य धारा से जोड़ा जा सके। कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री ने विशेष राहत पैकेज प्रदान करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस पैकेज के तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए दी जाने वाली 1.30 लाख रुपये की सहायता राशि को बढ़ाकर 7 लाख रुपये किया है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए साढ़े 12 हजार रुपये की राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। क्षतिग्रस्त दुकान अथवा ढाबे के लिए दस हजार रुपये की राशि को भी बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है।