मिनर्वा स्कूल के खिलाड़ियों को जिला स्तरीय एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करने पर सम्मानित करते
घुमारवीं (बिलासपुर)। मिनर्वा स्कूल घुमारवीं के खिलाड़ियों ने अंडर-19 छात्र-छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल की टीम ने कुल 15 पदक जीतकर ओवरऑल बेस्ट के खिताब में उपविजेता ट्रॉफी हासिल की। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में पांच स्वर्ण, दो रजत और आठ कांस्य पदक जीतकर स्कूल का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में सूर्यांश चंदेल ने ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक जीता।
वहीं, 400 मीटर रिले रेस में अरमान शर्मा, साहिल ठाकुर, आयुष शर्मा और सूर्यांश चंदेल की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। साहिल ठाकुर ने 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में कांस्य पदक जीते। आयुष शर्मा ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य, कार्तिक ठाकुर ने ट्रिपल जंप में कांस्य और आदित्य मोहन ने गोला फेंक में रजत पदक अपने नाम किया। 400 मीटर रिले रेस में शिवांश नड्डा, आयुष शर्मा, कार्तिक ठाकुर और साहिल ठाकुर की टीम ने कांस्य पदक जीता। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्कूल के तीन खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय एथलेटिक्स मीट के लिए हुआ है। इनमें ट्रिपल जंप में सूर्यांश चंदेल, गोला फेंक में आदित्य मोहन और भाला फेंक में शिवांग ठाकुर शामिल हैं। ये खिलाड़ी 26 से 28 अक्तूबर तक राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल ने कहा कि जिला स्तर पर उपविजेता ट्रॉफी हासिल करना पूरे स्कूल के लिए गर्व की बात है। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और शारीरिक शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। संवाद