-शिक्षा मंत्री के दिशानिर्देशों के बाद मांगों को लेकर शिमला में हुई चर्चा
-एटक के पदाधिकारी भी रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मिड-डे मील वर्करों की मांगों को लेकर प्रारंभिक शिक्षा विभाग और मिड-डे मील यूनियन की बैठक शिमला में आयोजित की गई। बैठक में यूनियन की मांगों लेकर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को मांगों से अवगत करवाया गया।
बैठक में एटक के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। एटक के प्रदेश उपाध्यक्ष लेखराम वर्मा ने बताया कि इन मांगों को लेकर यूनियन के पदाधिकारी शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिले थे। इसके बाद मंत्री ने अधिकारियों को यूनियन के साथ बैठक करने को लेकर निर्देश दिए थे। इस बैठक में यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्कूलों में 25 बच्चों वाली शर्त को शीघ्र हटाया जाए। कर्मचारियों को 10 की जगह 12 माह का वेतन दिया जाए और यह वेतन समय पर दिया जाए। इन कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए। शारीरिक फिटनेस प्रमाण पत्र और पांच साल बाद लाइसेंस की नवीनीकरण की शर्त को शीघ्र हटाया जाए। सभी कर्मचारियों को अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह महिला अवकाश और अन्य अवकाश दिए जाएं। एसएमसी की ओर से कर्मचारियों के साथ गलत व्यवहार पर रोक के लिए उन्हें उचित निर्देश दिए जाएं। इन कर्मचारियों को नए व्यंजन बनाने के लिए विभाग की ओर से प्रशिक्षण देना भी सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर एटक महासचिव देवकी नंद, मिड-डे मील यूनियन प्रदेश अध्यक्ष कमलेश ठाकुर, महासचिव पवन कुमार, सदस्य रेखा देवी, उर्मिला देवी, माला देवी, नीलम कुमारी, निर्मला देवी, फूला देवी, शर्मिला कुमारी, राजो देवी, मीना बंसल और गोदावरी मौजूद रहे।