विश्व पशु दिवस पर गेहड़वीं में शिविर
विशेषज्ञ ने खान-पान, स्वच्छता और समय पर उपचार का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। विश्व पशु दिवस पर पशु चिकित्सालय गेहड़वीं ने नरसिंह मंदिर परिसर में पशुपालकों के लिए शिविर लगाया। इसमें पशुओं के स्वास्थ्य, बीमारियों की रोकथाम, समय पर उपचार और प्रजनन संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अनुष्मा चंदेल ने पशुओं में बांझपन के कारण, लक्षण और उपचार के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बांझपन की समस्या से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। इससे बचने के लिए पशुओं के खान-पान, स्वास्थ्य और प्रजनन संबंधी समस्याओं पर समय रहते ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने पशुपालकों को लंपी वायरस के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने सलाह दी कि पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें। संक्रमित पशु को अन्य पशुओं से अलग रखें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
पशुपालकों ने पशुओं से जुड़ी समस्याएं चिकित्सक के समक्ष रखीं। डॉ. अनुष्मा चंदेल ने उनकी समस्याएं सुनकर उपचार और बचाव संबंधी सुझाव दिए। उन्होंने पशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, समय पर टीकाकरण कराने, संतुलित आहार देने और स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। इस दौरान प्रदीप चंदेल, आरती नड्डा, मुल्तान चंदेल, बच्चन सिंह, सागर सिंह, गोपाल शर्मा सहित कई ग्रामीण और पशुपालक मौजूद रहे।