डीएवी स्कूल घुमारवीं में मनाया गया आरोहण वार्षिक पारितोषिक समारोह
छठी से 12वीं तक के 200 विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और नाटक पर दी प्रस्तुति
मंत्री बोले- मेहनत, लग्न व ईमानदारी से ही प्राप्त की जा सकती है सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। डीएवी पब्लिक स्कूल घुमारवीं में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आरोहण हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विद्यालय प्रबंधक डॉ. रश्मि जमवाल ने अध्यक्षता की। इस दौरान मेधावी सम्मानित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि का शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में कक्षा छठी से 12वीं तक के करीब 200 विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, नाटक, कविताओं और लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस अवसर पर शिक्षा, खेल, कला, एनसीसी, भाषण, निबंध लेखन और अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। धर्माणी ने मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि डीएवी स्कूल ने न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी है, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास का भी विकास किया है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और मेहनत, लगन व ईमानदारी से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। अभिभावकों और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। अध्यक्षता कर रही विद्यालय प्रबंधक डॉ. रश्मि जमवाल ने कहा कि डीएवी संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार और आत्मनिर्भरता का विकास करना है। प्रधानाचार्य डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि डीएवी घुमारवीं निरंतर उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर रहा है और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम में डीएवी की विभिन्न शाखाओं के प्रधानाचार्य मोहित चुग (सुंदरनगर), महेंद्र सिंह ठाकुर (हमीरपुर), सुनील गांगटा (बरमाणा) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की भी बड़ी संख्या ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इनसेट
पुरस्कृत छात्र-छात्राएं
सृजन शर्मा, दिव्यांश महाजन, कृति चंदेल, सुनिधि शर्मा, आदित्य शर्मा, हितांशी, हर्षिता शर्मा, यशस्वी, हृदय महाजन, अनन्या शर्मा, ध्रुविका पंडित, किंजल, तानिया, राशिका, सरगम महाजन, अनीश ठाकुर, मंदिशा शर्मा, देवांश शर्मा, अनवी शर्मा, सूर्यांश डोगरा, यातार्थ राणा, आयुष्मान गौतम, प्राची ठाकुर, आदित्य भारद्वाज, आंशिक, प्रणव, सारा ठाकुर सहित कई अन्य विद्यार्थियों को शिक्षा व सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।