राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा रहे मुख्य अतिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तल्याणा में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य संतोष कुमारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
सुनील शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और कहा कि बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने नशे से दूर रहने के महत्व पर विशेष जोर दिया। शर्मा ने कहा कि इस प्रतिष्ठित विद्यालय के समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान निरंतर उत्कृष्टता का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने शिक्षकों को प्रणाम करते हुए कहा कि एक शिक्षक केवल विषय का ज्ञान ही नहीं देता बल्कि जीवन मूल्यों, संस्कारों और चरित्र निर्माण की शिक्षा देकर विद्यार्थियों का भविष्य संवारता भी है। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग को भी बच्चों की सफलता का आधार बताया। समारोह में वरिष्ठजन नारायण सिंह, एसएमसी सदस्यों के अलावा संगम पाठशालाओं तैंथा, बाड़ी भगोट, जोल पलाखीं आदि से आए शिक्षकों, बीडीसी सदस्य अति देवी, दलेर सिंह, तेज सिंह, अजय कांत, सोहन सिंह और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। दसवीं कक्षा के छात्र राहुल के स्वागत भाषण ने सभी का मन मोह लिया। सुनील शर्मा ने कहा कि पुरस्कार मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। लेकिन इसे केवल उपलब्धि न समझ कर आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं। सीखते रहें, प्रयास करते रहें और हर दिन खुद को बेहतर बनाते रहें।