24वें वार्षिक समारोह में पहाड़ी गीत, नाटी और गिद्दा की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कराटे में स्वर्ण पदक विजेता अस्मिता और आराध्या धीमान को भी मिला सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। होली हार्ट पब्लिक स्कूल घुमारवीं में रविवार को 24वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में जाने-माने समाजसेवी एवं अधिवक्ता चमन जंजूहा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि बाबूलाल धर्माणी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचली संस्कृति, देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों की झलक पेश की। पहाड़ी गीत भेड्डां तेरियां हो, पंजाबी गिद्दा और हिमाचली नाटी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समारोह में शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूल की प्रधानाचार्य नीलम संख्यान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें शॉल, टोपी व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। छात्राओं ने वंदे मातरम् और स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद अस्मिता, आयशा और सरगम ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। प्रधानाचार्य नीलम संख्यान ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर बीते शैक्षणिक सत्र की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने विद्यालय की आगामी गतिविधियों के बारे में भी बताया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में एलकेजी के बच्चों ने छोटा बच्चा समझ के हमको और यूकेजी के विद्यार्थियों ने जोगड़ा तारा पर प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों ने कृष्ण जन्माष्टमी पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की, जबकि तीसरी और चौथी कक्षा की छात्राओं ने आयो रे आयो मेरा ढोलना पर नृत्य किया। पहली कक्षा के बच्चों ने पहाड़ी गीत भेड्डां तेरियां हो के माध्यम से हिमाचली लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। छठी कक्षा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत जलवा-जलवा प्रस्तुत किया, वहीं पांचवीं कक्षा के बच्चों ने मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों पर आधारित थीम सॉन्ग के माध्यम से महत्वपूर्ण संदेश दिया। विद्यार्थियों ने कोई कहे कहता रहे हमको गीत पर नृत्य, झांसी की रानी पर आधारित नाटिका और पंजाबी गिद्दा भी प्रस्तुत किया। आठवीं कक्षा की छात्राओं ने घूमर से दर्शकों का मन मोहा। सातवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने योग का प्रदर्शन किया, जबकि नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों की हिमाचली नाटी को खूब सराहना मिली। समारोह के अंत में मुख्यातिथि ने विभिन्न शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इनमें अनाया, आरव मनकोटिया, हर्षिता, कशिश, आरव, शिवांगी, शिवाय, इवान, मोहम्मद अतीफ, प्रियल डोगरा, शौर्य धर्माणी, देवेश शर्मा, अन्वेषा वशिष्ठ, अंशिका, कनिष्क, आयशा, अस्मिता, सानिध्य डोगरा, याशिका, आराध्या धीमान, मोनिका, शिवांश भाटिया, सुहानी राणा, विहान, शगुन धीमान, निखिल, रिधिमा, दानिश, अक्षंश चंदेल, रितिका, अंकिता और पुष्कर धीमान शामिल रहे। कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली अस्मिता और आराध्या धीमान को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
होली हार्ट स्कूल के वार्षिक समारोह में प्रस्तुति देते बच्चे।