ज्योति पब्लिक स्कूल बाड़ा दा घाट में आयोजित वार्षिक उत्सव में बच्चों को सम्मानित करते मुख्यातिथ
ज्योति पब्लिक स्कूल में मनाया वार्षिक उत्सव, बच्चों ने दीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। हिम ज्योति पब्लिक स्कूल बाड़ा दा घाट में वार्षिक उत्सव एवं हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मरहाना पंचायत के पूर्व प्रधान एवं शिव शक्ति व्यापार मंडल भराड़ी बाड़ा दा घाट के प्रधान पृथी सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य आजाद चंद वर्मा ने की।
विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने हिमाचल, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों की लोक संस्कृति को मंच के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य मुनीष डोगरा ने बताया कि स्कूल के कई पूर्व छात्र सेना, स्वास्थ्य विभाग, वैज्ञानिक एवं अन्य सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं और विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी विज्ञान प्रतियोगिताओं और खेलकूद के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के तहत अटल टनल सहित विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी करवाया गया।
कार्यक्रम अध्यक्ष आजाद चंद वर्मा ने वार्षिक वितरण समारोह और हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को बुराइयों और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि पृथी सिंह ठाकुर ने हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में किशोर, मन्नत, अथर्व, साहिल और सेजल सहित अन्य विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।