-अभियान 15 मार्च तक चलेगा, किसानों को घर-घर वितरित होंगी बीमा पॉलिसी
-जिले में 16,024 ऋणी किसानों ने किया है 5,370 हेक्टेयर पर गेहूं फसल का बीमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले में मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान का शुभारंभ मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल की अध्यक्षता में किया गया। यह विशेष अभियान 15 मार्च 2025 तक चलेगा। इसके तहत कृषि बीमा कंपनी के प्रतिनिधि घर-घर जाकर ऋणी किसानों को उनकी बीमा पॉलिसियां बांटेंगे।
कृषि उपनिदेशक डाक्टर शशि ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले में 16,024 ऋणी किसानों ने 5,370 हेक्टेयर भूमि पर गेहूं फसल का बीमा कराया है। इन किसानों को उतनी ही संख्या में बीमा पॉलिसी प्रदान की जाएंगी। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या में 1,508 की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष 15,310 किसानों ने फसल बीमा कराया था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 16,818 हो गई है।
अभियान के दौरान यह भी घोषणा की गई कि 1 मई 2025 से अदरक फसल के लिए पुनर्गठित मौसम आधारित बीमा योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत अदरक की फसल को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से सुरक्षा प्रदान की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल ने किसानों से अधिक संख्या में बीमा कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान करती है, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर और जोखिम मुक्त बनाने में सहायक है। अभियान के माध्यम से किसानों को समय पर बीमा कराने और अपनी फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।