-दियोथ में करीब पांच साल से कूहल की हालत खराब
-जल शक्ति विभाग ने भेजा है 6.50 लाख का प्राक्कलन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल सदर की पंचायत दियोथ के ग्रामीणों ने कूहल मरम्मत के लिए पैसा जारी करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल को ज्ञापन सौंपा। जल शक्ति विभाग की ओर से प्रशासन को मरम्मत के लिए 6.50 लाख का प्राक्कलन भेजा गया है।
ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल अधिशासी अभियंता सतीश शर्मा से मिला। प्राक्कलन भेजने के लिए ग्रामीणों ने सतीश शर्मा और विभाग का आभार जताया। इसके बाद ग्रामीण अतिरिक्त उपायुक्त से मिले और पैसा जारी करने के लिए आग्रह किया। बता दें कि लंबे समय से लोग इस सिंचाई कूहल की मरम्मत की मांग कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष शालिग्राम ने बताया कि दियोथ, बौह, अंबार, लुहारड़ा, कोठी और मझेड़ गांव के लिए करीब 60 साल पुरानी सिंचाई कूहल है, जोकि पिछले करीब पांच साल से क्षतिग्रस्त है। इस कारण इस गांव के किसान अपने खेतों में सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। इन गांवों की करीब 300 बीघा जमीन और कृषि विभाग के फार्म की करीब 90 बीघा जमीन की सिंचाई इसी कूहल से होती थी, लेकिन पानी उपलब्ध न होने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि इस पैसे को शीघ्र जारी किया जाए। उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने मंत्री राजेश धर्माणी को भी ज्ञापन सौंपा है।