बिलासपुर में उपायुक्त को श्री नयना देवी जी की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपते विधायक रणधीर शर्मा
विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में मिला प्रतिनिधिमंडल
सड़क, बिजली, पानी शीघ्र बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में शनिवार को उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने श्री नयना देवी क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि बारिश से हुए नुकसान से श्री नयना देवी जी क्षेत्र भी अछूता नहीं रहा है। इस आपदा में लोगों के 100 से अधिक मकान और 200 से भी अधिक पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। करीब-करीब सभी सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें से कुछ सड़कें अभी तक भी नहीं खुल पाई हैं। गांव के रास्ते नष्ट हो चुके हैं। कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं है। ज्ञापन में मांग की गई कि जिनके मकान रहने लायक नहीं बचे हैं उन्हें पूर्णतः क्षतिग्रस्त घोषित किया जाए ताकि उसके अनुरूप पीड़ित परिवारों को राहत राशि मिल सके। जो मकान मरम्मत कर ठीक हो सकते हैं उन्हें आंशिक क्षतिग्रस्त घोषित किया जाए। बहुत से घरों के आगे डंगे व सुरक्षा दीवार लगाना जरूरी है, ताकि वे क्षतिग्रस्त होने से बचाए जा सकें। इस कार्य के लिए आपदा फंड में से धनराशि उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति विभाग व बिजली बोर्ड को निर्देश दिए जाएं कि सड़कें, बिजली, पानी शीघ्र बहाल करें। वहीं कृषि व बागवानी विभाग अधिकारियों को भी निर्देश दिए जाएं कि वो आपदा में नष्ट हो चुकी फसलों का आकलन तैयार करें ताकि किसानों व बागवानों को उचित मुआवजा मिल सके। पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो चुके मकानों वाले परिवारों को दूसरे किसी घर में रहने के लिए किराये की राशि तुरंत दी जाए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण सिंह चंदेल, मंडलाध्यक्ष नंदलाल, बालकृष्ण ठाकुर, बृजलाल ठाकुर, शैलेंद्र भड़ोल, रणजीत ठाकुर, सतदेव शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।