दी छत ग्राम सेवा सहकारी सभा भेड़ाघाट के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न
आठ वार्डों में हुआ कड़ा मुकाबला, तीन के सदस्य निर्विरोध चुने
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। छत ग्राम सेवा सहकारी सभा सीमित भेड़ाघाट की कार्यकारिणी की चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। लगभग 2200 शेयरधारकों वाली इस सहकारी सभा में सुबह से ही मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला। मतगणना के बाद घोषित परिणामों में आठ वार्डों में मुकाबला हुआ जबकि तीन वार्डों में उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए थे।
सभा के सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले वार्ड नंबर 1 अंदरोली में इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निवर्तमान प्रधान नंदलाल रतन को सुरेश कुमार ने 34 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। सुरेश कुमार को कुल 145 मत प्राप्त हुए जबकि नंदलाल को 111 वोट मिले। वार्ड 2 संढियार में श्याम सिंह ने प्रकाश चंद को कम अंतर से हराया। यहां मुकाबला नतीजों के अंतिम चरण तक रोमांचक बना रहा। वार्ड तीन स्योथा में बलजीत सिंह ने प्रकाश चंद को 39 वोटों से मात दी। वार्ड चार छत में परमजीत सिंह ने दिलीप सिंह को छह मतों से हराया, जो पूरे चुनाव में सबसे कम अंतर वाले मुकाबलों में से एक रहा। वार्ड नंबर पांच हिम्मर लुरहानी में विजय कुमार ने सोहनलाल को 50 वोट से पराजित किया। वार्ड 6 चलारन में खेमपाल ने अमीचंद को 56 मतों से हराते हुए सबसे बड़े अंतर वाली जीत दर्ज की। वार्ड सात कपाहड़ा से अमर सिंह ने कर्म सिंह को 16 वोटों से हराया। वार्ड नंबर आठ समलोहल से सुरम सिंह ने राजेंद्र सिंह को नौ मतों से मात दी।
चुनाव के लिए कुल 11 वार्ड निर्धारित थे, जिनमें से तीन वार्डों में मात्र एक-एक नामांकन आने के कारण प्रत्याशी निर्विरोध विजयी घोषित किए गए। इनमें कल्लर वार्ड से सुरेंद्र कुमार,डून वार्ड से रामप्रकाश, कोटलु ब्राह्मणा वार्ड से रतन चंद पहले ही विजयी माने जा चुके थे। चुनाव प्रक्रिया की देखरेख कर रहे सभा सचिव हरिपाल शर्मा, पंजीयन अधिकारी तथा सहकारी सभाएं घुमारवीं के निरीक्षक विजय कुमार ने आधिकारिक तौर पर सभी वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित किए। उन्होंने बताया कि मतदान और मतगणना दोनों बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुए। चुनाव के शांतिपूर्ण संचालन और समयबद्ध घोषणा से ग्रामीण क्षेत्र में संतोष देखने को मिला। लोगों ने कहा कि सहकारी सभा के नए प्रतिनिधियों से उम्मीद है कि वे गांव के विकास और सहकारी गतिविधियों को और मजबूत बनाएंगे।