-सांस्कृतिक, दंगल, स्वागत कमेटियों का हुआ गठन
- अजमेरपुर मेले की तैयारियों को लेकर बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। अजमेरपुर मेला एवं छिंज भराड़ी की तैयारियों को लेकर एक विशेष बैठक का आयोजन लोकनिर्माण विभाग विश्राम गृह में किया गया। मेला कमेटी प्रधान करतार सिंह चौधरी ने समस्त मेला कमेटी सदस्यों और अजमेरपुर क्षेत्र की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी कमेटी सदस्यों की मेहनत, पारदर्शिता और एकजुटता की वजह से उपतहसील भराड़ी में होने वाले मेले को जिला स्तरीय दर्जा प्राप्त हुआ है। पिछले 13 साल से कमेटी और जनता के सहयोग से मेला सफलता के आयाम छू रहा है। अजमेरपुर ग्रीष्मोत्सव दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आयोजित होता है। मेले का शुभारंभ सत्ता पक्ष और समापन विपक्ष करेगा। कई साल से यही प्रथा चलती आ रही है। उन्होंने बताया कि माता टौणी देवी मंदिर से पूजा कर के शोभायात्रा चलेगी। मेला ग्राउंड में खूंटा गाढ़कर और बैल पूजन से मेले की शुरुआत होगी। मेले के सफल आयोजन के लिए सभी कमेटियों का गठन कर लिया गया है। इस साल रात्रि के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय कर ली गई है। दंगल को आकर्षित बनाने के लिए नामी पहलवानों को निमंत्रण दिया जाएगा। बैठक में ख्याली राम शर्मा, दीवाना राम चौधरी, कमलदेव राव, जय कृष्ण शर्मा, आजाद चंद वर्मा, परमानंद, प्रेम सागर, राकेश चौहान सहित अन्य उपस्थित रहे।