बरठीं(बिलासपुर)। देवभूमि टैक्सी ऑपरेटर यूनियन बरठीं की एक आवश्यक बैठक देवभूमि ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपप्रधान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें थाना प्रभारी तलाई कर्म सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हाल ही में कंदरौर में एक टैक्सी चालक की तेजधार हथियारों से की गई हत्या पर सरकार व जिला प्रशासन द्वारा कड़ा संज्ञान लिया गया है। जिसके तहत सभी थाना प्रभारियों ने टैक्सी चालकों को जागरूक करने का एक अभियान शुरू किया गया है। उपप्रधान एमएस ठाकुर ने बताया कि सबसे ज्यादा टैक्सी चालक ही सड़कों पर चलते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी नजर में यदि कोई भी अपराधी सामने आता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर करें ताकि अपराध होने से पहले ही उसको रोका जा सके। सवारी को पहले अच्छी तरह से जांच पड़ताल कर ही गाड़ी में बैठाया जाए। यात्री का आधार कार्ड व फोन नंबर भी अपनी यूनियन के रजिस्टर में दर्ज करें ताकि कोई अपराधी वारदात को अंजाम तक पहुंचा देता है तो उसका पता आसानी से लगाया जा सके। बाहर से आने वाली गाड़ियों और यात्रियों पर भी कड़ी नजर टैक्सी ऑपरेटरों को रखनी चाहिए।
थाना प्रभारी कर्म सिंह ने कहा कि जीपीएस सिस्टम भी टैक्सी ऑपरेटरों को लगवाना चाहिए। टैक्सी यूनियन का एक ग्रुप होना चाहिए जिसमें आने-जाने की सारी जानकारी चालकों द्वारा अपलोड की जानी चाहिए। इस मौके पर उन्होंने नशे से दूर रहने के लिए भी लोगों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को भी नशे से दूर रखने के लिए अभिभावक खुद उन पर नजर रखें ताकि वह किसी गलत संगत में न फंसे। इसके अलावा उन्होंने सीट बेल्ट, गाड़ी चलाते समय मोबाइल का प्रयोग सहित यातायात जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपराध को रोकने के लिए पुलिस हर समय मौजूद है। इसके अलावा टैक्सी के रूप में चल रहे निजी वाहनों व मुख्य चौक पर पुलिस सहायता कक्ष लगाने के बारे में भी चर्चा की गई। इस मौके पर बड़ी पंचायत के प्रधान प्रेम लाल गौतम, उपप्रधान राकेश मेहता, देवभूमि टैक्सी ऑपरेटर यूनियन बरठीं के उपप्रधान अनूप जमवाल, रमन गौतम, पवन कुमार, सुरजीत सिंह, एएसआई सुभाष चंद्र, हिम्मत सिंह, कुनाल सिंह सहित अन्य टैक्सी ऑपरेटर उपस्थित रहे।