बिलासपुर। उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने प्रशासन में दक्षता लाने के बारे में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि जिले में आयोजित होने वाला जनमंच कार्यक्रम सदर विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर के ग्राम पंचायत पंजगाईं में होगा। बताया कि जनमंच कार्यक्रम के लिए सदर की 9 पंचायतें चयनित की गई हैं। इनमें पंजगाईं, हरनोडा, बिनौला, दयोली, माकड़ी, मारकंड, धौणकोठी, धारटटोह, सिहडा तथा बंदला शामिल हैं।
उन्होंने समस्त अधिकारियों से कहा कि जनमंच कार्यक्रम के लिए चयनित पंचायतों में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी तथा जनमंच के लिए निर्धारित योजनाओं का शतप्रतिशत पात्र लोगों को लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने समस्त एसडीएम को निर्देश दिए कि वे सड़क सुरक्षा के बारे में आवश्यक बैठक करें तथा पार्किंग के लिए उचित स्थल चयनित करें तथा यलो लाइन और साइनेज लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि सर्किट हाउस के नजदीक बैठे हुए रेहडी-फडी वालों पर आवश्यक कार्रवाई करें।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल के नजदीक बैठने वाले फल विक्रेताओं के लिए विशेष स्थान चयनित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जिले में अतिक्रमण, अवैध कब्जों पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि ब्यास प्योर के उत्पादों के लिए श्रीनयना देवी ट्रस्ट में एक दुकान देने का प्रावधान किया जाएगा ताकि ब्यास प्योर उत्पादों की बिक्री हो सके। उन्होंने बताया कि एनीमल ट्रामा सेंटर शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने डीआरओ को गोसदनों के लिए भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में निर्मित किए जा रहे एम्स में जनवरी माह में ओपीडी शुरू कर दी जाएगी।
इस अवसर पर हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई स्वारघाट, फोरलेन, भानूपल्ली-बैरी रेलवे लाइन, बागछाल पुल, मिनी सचिवालय झंडूता, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट इत्यादि मुद्दों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना तथा लघु व्यापारियों के लिए बनाई गई पेंशन योजना पर चर्चा करते हुए संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि वे पंचायत स्तर पर आवश्यक शिविर लगाकर प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा सकें।