बिलासपुर। सामाजिक संस्था रेनबो स्टार क्लब एवं लाडली फाउंडेशन की बैठक का आयोजन जिला मुख्यालय में रेनबो स्टार क्लब के संरक्षक शीला सिंह एवं हिंदू मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के ब्रांड एंबेसडर सेवानिवृत्त संयुक्त निर्देशक सुशील पुंडीर की अध्यक्षता में हुआ।
बैठक में युवाओं को संबोधित करते हुए ऑपरेशन मुक्ति नशा निवारण अभियान के राज्य समन्वयक एवं क्लब के अध्यक्ष ईशान अख्तर ने कहा कि चिट्टा सरगना नशा माफिया की वजह से दर्जनों युवाओं को मौत के घाट उतार रहे हैं। युवा नशे की दलदल में फंस कर अपना तथा अपने परिवार का जीवन अंधकार की तरफ ले जा रहे हैं।
इस मौके पर हिंदू मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रांत महामंत्री एवं नौणी ग्राम पंचायत की प्रधान निर्मला राजपूत ने कहा कि 13 नवंबर को चिट्टा सरगना नशा माफिया की शव यात्रा पूरे बिलासपुर शहर में निकाली जाएगी। इसके अलावा नशे के खिलाफ बिलासपुर की सभी सामाजिक संस्थाओं व युवाओं के साथ मिलकर नशे के दुष्प्रभावों के बारे में अलख जगाई जाएगी।
इस मौके पर सुशील पुंडीर ने कहा कि चिट्टा एक जानलेवा नशा है। युवा इससे दूर रहें और अपने जीवन को बचाएं। बिलासपुर की सभी सामाजिक संस्थाओं से आग्रह किया कि 13 नवंबर को बिलासपुर शहर में स्थित गुरुद्वारा साहिब परिसर में 10 बजे एकत्रित हो जाएं तथा नशा माफियाओं पर कड़ा प्रहार करने के लिए सभी युवा एकजुट हो जाएं। इस मौके पर लाडली फाउंडेशन की राज्य अध्यक्ष शालू, वासुदेव, सुनैना देवी, स्वाति, धीरज कुमार, ज्योति कुमारी, शिफाली, निशा कुमारी, अगस्त्य शर्मा, आशीष सोनी, मानसी, कोमल, शिल्पा देवी, हीना, नितीश, सोनीका, अनु शर्मा इत्यादि क्लब के पदाधिकारी व युवा मौजूद रहे।