पेंशनरों की लंबित आर्थिक देनदारारियों का उठाया मुद्दा
2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त पेंशनरों के छठे वेतन आयोग का एरियर मांगा
21 जुलाई की बैठक में दिए आश्वासन को पूरा करने का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने धराड़सानी में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पेंशनरों की लंबित आर्थिक देनदारियों का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से स्वतंत्रता दिवस पर पेंशनरों के लंबित आर्थिक लाभों के भुगतान की घोषणा करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशनरों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। एसोसिएशन के जिला प्रधान जगदीश दिनेश, महासचिव नरोत्तम धीमान, वरिष्ठ उपप्रधान कर्मदेव गौतम, प्रदेश महासचिव ठाकुर हुक्म सिंह तथा मीडिया प्रभारी लेखराम कौंडल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कुल्लवी टोपी, शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि 21 जुलाई 2026 को सचिवालय में पेंशनर्स संयुक्त मोर्चे के साथ हुई बैठक में पेंशनरों की लंबित आर्थिक देनदारियों को लेकर आश्वासन दिया गया था। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इन आर्थिक लाभों के भुगतान की घोषणा की जानी चाहिए। एसोसिएशन ने विशेष रूप से जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के छठे वेतन आयोग के लंबित एरियर का भुगतान करने की मांग रखी। इसके अलावा सभी पेंशनरों के लंबित 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते का भुगतान भी जल्द करने का आग्रह किया गया। मुख्यमंत्री ने मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि पेंशनरों की लंबित देनदारियों का यथासंभव निपटारा किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में गोपाल शर्मा, अश्विनी शर्मा, प्रकाश चंद ठाकुर, सुरेश जोशी, सुमन शर्मा, सीताराम शर्मा, राजेंद्र शर्मा, प्रकाश ठाकुर शामिल रहे।