- वरिष्ठ नागरिक सभा ने मांगों लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
- एमडी चिकित्सक की नियुक्ति करने की भी उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वरिष्ठ नागरिक सभा बिलासपुर ने मांगों को लेकर एक ज्ञापन पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा है। ज्ञापन सौंपने के लिए वरिष्ठ नागरिकों को एक प्रतिनिधिमंडल सभा के महासचिव मस्तराम वर्मा की अध्यक्षता में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर से मिला।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि जिला अस्पताल में नियमित रूप से चिकित्सकों की सलाह पर दवा ले रहे मरीजों और वरिष्ठ नागरिकों को लंबे समय अवधि तक दवा लिखी जाएं। क्योंकि आचार संहिता लगने के बाद से जिला अस्पताल के चिकित्सक मरीजों और वरिष्ठ नागरिकों को 10 दिन से अधिक की दवा नहीं लिख रहे हैं। इससे मरीजों को विशेष कर वरिष्ठ नागरिकों को अस्पताल में हर 10 दिन बाद चक्कर लगाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। सभा ने गुहार लगाई कि पूर्व की भांति महीने या दो महीने की दवा जो डॉक्टर मरीज की हालत के अनुसार लिखा करते थे, वह व्यवस्था बहाल किया जाए। सभा ने यह भी निवेदन किया है कि जिला अस्पताल में एक और एमडी डॉक्टर की नियुक्ति की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। सभा ने यह भी निवेदन किया है कि नगर परिषद बिलासपुर में नियमित तौर पर कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति की जाए। मस्तराम वर्मा ने बताया कि पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि मुख्यमंत्री से इन मांगों पर चर्चा की जाएगी। अस्पताल में एमडी डॉक्टर की नियुक्ति शीघ्र करवाने का प्रयास भी किए जाएंगे। प्रतिनिधि मंडल में ओपी गर्ग, इं. मनमोहन भंडारी, कमांडेंट एसएल शर्मा, कमांडेंट नवल किशोर आदि मौजूद रहे।