जरूरतमंदों को निशुल्क मिलेंगी दवाइयां
समाज में सहयोग, सेवा की भावना को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए स्वास्थ्य विभाग बिलासपुर एक अभिनव पहल शुरू करने जा रहा है। इस नई योजना के तहत आम लोगों के घरों में रखी ऐसी दवाइयां, जिनकी अब उन्हें आवश्यकता नहीं है, उन्हें एकत्रित कर जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया जाएगा। विभाग का मानना है कि इस पहल से एक ओर गरीब मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर समाज में सहयोग और सेवा की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस योजना के तहत सबसे पहले घुमारवीं अस्पताल में विशेष मेडिसिन डोनेशन बॉक्स स्थापित किए जाएंगे। इन बॉक्सों में आम नागरिक अपने घरों में सुरक्षित रखी गई और उपयोग योग्य बची हुई दवाइयां जमा कर सकेंगे। बाद में स्वास्थ्य विभाग इन दवाइयों की जांच कर उन्हें जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क उपलब्ध करवाएगा। अक्सर देखा जाता है कि किसी बीमारी के उपचार के दौरान मरीजों की ओर से खरीदी गई कई दवाइयां पूरी तरह उपयोग नहीं हो पाती और उपचार समाप्त होने के बाद घरों में ही पड़ी रह जाती हैं। समय के साथ ये दवाइयां या तो एक्सपायर हो जाती हैं या फिर अनुपयोगी होकर नष्ट कर दी जाती हैं। स्वास्थ्य विभाग की यह पहल ऐसी दवाइयों का सदुपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शशि दत्त ने बताया कि योजना की रूपरेखा तैयार की जा रही है और जल्द ही इसे औपचारिक रूप से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई बार लोगों के घरों में बड़ी मात्रा में ऐसी दवाइयां पड़ी रहती हैं जो पूरी तरह सुरक्षित होती हैं, लेकिन उपयोग में नहीं आ पातीं। यदि इन्हें सही तरीके से एकत्रित कर जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया जाए तो यह समाज के लिए एक बड़ी सेवा साबित होगी। उन्होंने जिलावासियों से इस सामाजिक अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि दवाइयों का दान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। विभाग का उद्देश्य केवल दवाइयों का पुनः उपयोग करना नहीं, बल्कि समाज के सक्षम वर्ग को जरूरतमंद लोगों की सहायता से जोड़ना भी है।