शाहतलाई (बिलासपुर)। विकास खंड़ झंडूता के अंतर्गत मरोत्तन-धनीपखर सड़क पर बैटलू के पास एक व्यक्ति की ढांक से गिरकर मौत हो गई। तलाई पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए घुमारवीं अस्पताल भेज दिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है।
मिली जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत सलवाड़ के प्रधान कांशी राम ने दूरभाष पर पुलिस थाना तलाई को सूचना दी कि मरोत्तन-धनीपखर सड़क पर एक व्यक्ति ढांक से नीचे गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही तलाई पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का जायजा लिया। व्यक्ति सड़क से करीब 10 फीट नीचे मुंह के बल पड़ा था। उसके सिर पर गहरी चोट थी और नाक-मुंह से खून निकला हुआ था। मृतक का एक जूता पहाड़ी में फंसा हुआ था। कुछ पत्थर भी उसके ऊपर गिरे हुए पाए गए। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुमारवीं भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों को भी सूचित कर दिया है। मृतक की पहचान बुद्धि सिंह (45) पुत्र गोरखू राम निवासी धनौला डाकघर धनीपखर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। डीएसपी अनिल ठाकुर ने पुष्टि की है।