बड्डू गांव में मार्च में 14.1 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़े थे दो आरोपी
पुलिस कर रही थी मुख्य सप्लायर की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत ग्राम पंचायत बाड़ी मझेडवां के गांव बड्डू में सामने आए चिट्टा (हेरोइन) मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में मुख्य सप्लायर माने जा रहे आरोपी को पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आकाशदीप निवासी मंडियाला जिला अमृतसर (पंजाब) उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।
बता दें कि 21 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि बड्डू गांव में चिट्टा बेचने का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद घुमारवीं पुलिस ने गांव में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.1 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस दौरान पुलिस ने अश्विनी कुमार निवासी गांव बड्डू और राकेश कुमार निवासी ग्राम बाड़ी मझेड़वां को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी, जिसके बाद पुलिस जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मुख्य सप्लायर आकाशदीप का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। कई स्थानों पर दबिश देने और तकनीकी जांच के बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी को अमृतसर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस कार्रवाई को एसआई प्रदीप सेन के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से नशे की सप्लाई कर रहा था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।