हिमाचल केसरी विजेता को मिलेगा 1.71 लाख का इनाम
देशभर के नामी पहलवान दिखाएंगे दमखम
40 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी पहलवान अखाड़े में नहीं ले सकेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शाहतलाई में 30 अप्रैल को आयोजित होने वाले महादंगल में पहलवानों पर इनामों की बारिश होगी। दंगल कमेटी ने हिमाचल केसरी के लिए 1 लाख 71 हजार रुपये, बिलासपुर केसरी के लिए 1 लाख 1 हजार रुपये और शाहतलाई केसरी के लिए 71 हजार रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की है। तीनों सीधी कुश्तियों में विजेताओं को यह राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रतियोगिता में देश भर के नामी पहलवान दमखम दिखाएंगे।
इस प्रतियोगिता में अंडर-21 वर्ग में केवल हिमाचली पहलवानों को मौका दिया जाएगा। विजेता और उपविजेता को 21 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अलावा अलग से सीधी कुश्तियां भी करवाई जाएंगी। यह जानकारी देते हुए दंगल कमेटी के पदाधिकारी शिवम चौहान, पवन कौशल, राजकुमार कौशल, बलदेव, विजय कौशल और अरुण कालिया ने बताया कि दर्शकों के मनोरंजन के लिए कई नामी पहलवानों को आमंत्रित किया गया है। इनमें अभिनायक यूपी, हामिद ईरान, रोहित फौजी, लकी गरजा, बंटी नैना देवी, यश पट्टी, लकी कुहाली, दीपक काकरान, बब्बू प्रागपुरिया, आरिफ जम्मू, सुमित ऊना हॉस्टल, साहिल विटन, जशन पट्टी और जोवन पट्टी शामिल होंगे। 30 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे सेऊ पुल से ढोल-नगाड़ों की थाप पर शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो बाजार से होते हुए दंगल स्थल पहुंचेगी। इसके बाद हनुमान चालीसा के साथ महादंगल का शुभारंभ होगा। मुख्यातिथि के रूप में भगत अरुण राय दोपहर 1:30 बजे कार्यक्रम में शिरकत करेंगे, जबकि समापन समारोह में संत बाबा अनूप महाराज विटन वाले मौजूद रहेंगे। कमेटी ने बताया कि 29 अप्रैल को पहले की तरह जोध सिंह के घर पर सवाल कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अलावा 40 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी पहलवान अखाड़े में हिस्सा नहीं ले सकेगा। निर्धारित राशियों के अलावा अन्य पहलवानों को भी प्रदर्शन के अनुसार सम्मानजनक राशि दी जाएगी।