- टकरेड़ा गांव में फ्यूज बॉक्स में नंगे लटक रहे हैं बिजली के तार
-भूमि मालिक बोर्ड को करा चुके हैं समस्या से अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। विद्युत बोर्ड उपमंडल कंदरौर क्षेत्र के टकरेड़ा गांव में बोर्ड की लापरवाही के चलते बिना सुरक्षा गार्ड के लगाए गए एलटी बॉक्स हादसे को न्योता दे रहे हैं। क्योंकि इन एलटी बॉक्स के फ्यूज बॉक्स खुले छोड़ दिए गए हैं। इसमें बिजली की नंगी तारे लटक रही हैं। इसकी चपेट में आकर लोग दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
ग्राम पंचायत टकरेडा में एक किसान की निजी भूमि के उपजाऊ खेतों के बीचो-बीच दो एलटी बॉक्स लगाए गए हैं, लेकिन दोनों ही एलटी बॉक्स में ढक्कन तक नहीं लगाया गया है। गांव टकरेडा निवासी जगदीश के अनुसार एलटी बॉक्स में लगाए गए फ्यूज और नंगे तार देखकर खेत में जाने से भी डर लगता है। जगदीश का कहना है कि वह इसके बारे में कई बार बोर्ड को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन बोर्ड ने अभी तक इस पर कोई भी कार्रवाई करना उचित नहीं समझा है। जहां पर यह एलटी बॉक्स लगाए गए हैं उसके साथ ही उसके उपजाऊ खेत तो हैं ही साथ में इसका एक बगीचा भी है। उसका और उसके परिवार के लोगों को अक्सर वहां जाना पड़ता है। एलटी बॉक्स की हालत देखकर परिवार के किसी भी सदस्य को वह खेतों में नहीं जाने देते हैं। जगदीश ने बताया कि दो दिन पहले भी इन बॉक्स में अचानक स्पार्किंग होने के कारण वहां पर आग लग गई थी। इसको बड़ी मुश्किल से बुझाया गया। गांव के अधिकतर लोगों की भी शिकायत है कि एलटी बॉक्स के पास से लोगों हमेशा आना जाना लगा रहता है। लोगों ने बोर्ड अधिकारियों से अपील की है कि जल्द से जल्द इन एलटी बॉक्स में कोई सुरक्षा गार्ड लगाया जाए। इनमें लगाए गए बॉक्स को ढक्कन लगाने के साथ-साथ उनके फ्यूज को भी पूरी तरीके से बंद किया जाए, ताकि किसी तरह के हादसे से बचा जा सके।
कोट
मामला ध्यान में नहीं था, लेकिन जल्द ही कर्मचारी भेज कर वहां पर लगाए गए एलटी बॉक्स को बंद करवा दिया जाएगा। इसके अलावा जो भी फ्यूज और तार बॉक्स में खुली होंगे उन्हें भी ठीक करवा दिया जाएगा।
-रविंद्र कुमार सहायक अभियंता, विद्युत बोर्ड, कंदरौर