दधोल कृषि सेवा सहकारी ने खोला केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। दी दधोल कृषि सेवा सहकारी समिति सीमित पडयालग ने क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए लोकमित्र केंद्र, डिजिटल सेवा एवं कॉमन सर्विस सेंटर का शुभारंभ किया गया। मंगलवार को केंद्र का कोआपरेटिव बैंक के निदेशक एवं दी दधोल कृषि सेवा सहकारी समिति के निदेशक डॉ. जगदीश शर्मा ने उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डॉ. जगदीश शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में इस प्रकार के केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। लोकमित्र केंद्र से लोगों को सरकारी योजनाओं, प्रमाण पत्रों, बिल भुगतान, ऑनलाइन आवेदन और अन्य डिजिटल सेवाओं के लिए दूरदराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि दधोल कृषि सेवा सहकारी समिति ने ग्रामीणों की जरूरतों को समझते हुए सराहनीय पहल की है। सहकारी समितियां केवल आर्थिक लेन-देन तक सीमित न रहकर सामाजिक और डिजिटल सशक्तीकरण में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह लोकमित्र केंद्र ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी देगा।
समिति के प्रधान जोरावर सिंह ने बताया कि लोकमित्र केंद्र में जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन संबंधी सेवाएं, बिजली और पानी के बिलों का भुगतान, आधार व अन्य ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन और शिकायत निवारण की सुविधा भी यहां मिलेगी। इस मौके पर सभा के उपप्रधान परमजीत, निदेशक पवन शर्मा, शंकरराम कौशल, रीना ठाकुर, रंजना चौहान और मनोहर शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।