-कार को सड़क किनारे ईंटों पर किया खड़ा
- भराड़ी के बलोह और बाड़ा दा घाट में हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत एक रात में दो चोरी के मामले सामने आए हैं। चोरों ने बनोहा कस्बे में दो दुकानों के ताले तोड़ डाले। हालांकि दुकान में अधिक नकदी नहीं थी, लेकिन चोर गल्ले में रखे सिक्के भी ले गए। दूसरी वारदात थाने से महज एक किलोमीटर दूर बाड़ा दा घाट में हुई। वहां चोर सड़क किनारे खड़ी कार के तीन टायर खोल कर ले गए। पुलिस ने दोनों जगहों पर हुई चोरी के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बनोहा कस्बे में हलवाई की दुकान के ताले अज्ञात चोरों ने तोड़ डाले। दुकान मालिक मनोहर ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम को वह दुकान बंद करके घर चला गया था। मंगलवार सुबह दुकान के ताले टूटे पाए गए। वहीं वनोहा कस्बे के ही संजीत ने पुलिस को बताया कि वह सब्जी की दुकान करता है। सोमवार रात को उसकी भी दुकान के ताले तोड़कर थोड़ी बहुत नकदी चोरी कर ली। बाड़ा दा घाट में सड़क किनारे खड़ी कार के तीन टायर भी चोर खोल कर ले गए और कार को ईंटों पर खड़ी कर गए। कार मालिक राजेश ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना सड़क से कुछ दूर अपनी कार को खड़ी करता है। सोमवार शाम को वह अपनी कार खड़ी कर घर चला गया था। मंगलवार सुबह देखा तो कार के टायर गायब थे। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि चोरी की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला ज रहा है। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।