बिलासपुर के डिबडिबा बिजलीघर में छह दिन से बिजली न मिलने पर हंगामा करते किसान। फोटो संवाद न्यूज एज
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर (रामपुर)। छह दिन से दो गांवों में बिजली न मिलने की वजह से परेशान किसानों ने शुक्रवार को डिबडिबा बिजलीघर में जमकर हंगामा किया। हंगामा करने वाले किसानों का कहना था कि उनकी बार-बार की शिकायतों को बिजली विभाग के कर्मचारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बाद में कर्मियों के आश्वासन पर किसान शांत होकर लौट आए।
राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख की ग्राम पंचायत शिवनगर के गांव कासमगंज और सहरिया के कई लोग शुक्रवार की दोपहर डिबडिबा बिजलीघर पहुंचे। किसानों ने बिजलीघर में हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा करने वालों का कहना था कि छह दिन पूर्व आई आंधी के बाद से उनके गांव में बिजली नहीं आ रही है और वह लोग रोजाना ही एसडीओ और जेई से शिकायतें कर रहे हैं, मगर कोई भी उनकी नहीं सुन रहा है। बिजली के अभाव में वह लोग बेहद परेशान हैं और उनके खेतों में धान की पौध नहीं पड़ पा रही है और सिंचाई के अभाव में चारा भी सूख रहा है। किसानों का हंगामा होता देख बिजलीघर में मौजूद कर्मियों ने तत्काल मामले की शिकायत अपने उच्चाधिकारियों से की। कर्मियों ने सभी को शांत करते हुए बताया कि आंधी में कई स्थानों पर पेड़ों के गिरने की वजह से बिजली के खंभे टूट गए हैं और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। सभी लाइनों को रोजाना ही वह लोग ठीक कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह लोग दो दिनों में बिजली की लाइनों को दुरुस्त कर देंगे और बिजली की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी। हंगामा कने वालों में नक्षत्र सिंह, हरपाल सिंह, गुरविंद्र सिंह, रंजीत सिंह, परमिंद्र सिंह, दिलावर मसीह, बनवारी लाल आदि मुख्य थे।