महिलाओं के हितों, सुरक्षा, सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों पर विफल रही कांग्रेस
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर की समस्याओं को सरकार कर रही नजरअंदाज : डेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की परिचय बैठक भाजपा कार्यालय में मोर्चा अध्यक्ष रचना ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने महिला मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया।
प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के हितों, सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल रही है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है और महिलाओं से किए गए वादे आज भी अधूरे हैं। सरकार महिला सुरक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केवल घोषणाएं कर रही हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्कर की समस्याओं को सरकार लगातार नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिलाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थीं, जिनसे लाखों महिलाओं को लाभ मिला। भाजपा महिला मोर्चा भविष्य में भी महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करता रहेगा।
सदर विधायक त्रिलोक जम्वाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अपने कार्यकाल में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। जनता ने जिन उम्मीदों के साथ सरकार को चुना था, वे आज पूरी तरह टूट चुकी हैं। विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था हर क्षेत्र में सरकार की कार्यप्रणाली निराशाजनक रही है। प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। सड़कों, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्राकृतिक आपदाओं के समय सरकार की तैयारियां और राहत कार्य भी पूरी तरह नाकाम रहे हैं। बैठक में प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, श्री नयना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा, सदर विधायक त्रिलोक जम्वाल, प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री कमलेश कुमारी, सीमा चंदेल महाजन, जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री नयना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश भर में महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और उन्हें नेतृत्व के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।