बिलासपुर। बिना वेरिफिकेशन ही एक जीप में यूपी के मजदूर बिलासपुर पहुंच गए, जिन्हें वापस गरामोड़ा भेजा दिया गया। मजदूर प्लम का तुड़ान करने सहारनपुर से कुल्लू जा रहे थे।
मिली जानकारी अनुसार मंगलवार दोपहर को बिलासपुर कॉलेज चौक पर मजदूरों से भरी एक जीप को पुलिस ने रोका। प्रदेश में दाखिल होने के लिए गरामोड़ा में नाका लगाया गया है। इन मजदूरों के फॉर्म नाके पर स्कैन नहीं हुए थे। स्वारघाट पुलिस ने इन्हें कहा कि जब तक औपचारिकता पूरी नहीं होती तब तक आगे न जाएं। मजदूर ज्यादा पढ़े-लिखे न होने के कारण पुलिस की बात नहीं समझ पाए। वहां से बिलासपुर पहुंच गए तो पुलिस ने उन्हें वापस भेजा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सहारनपुर से मजदूरों से भरी एक जीप कुल्लू जा रही थी। मजदूर प्लम का तुड़ान करने के लिए जा रहे थे। मजदूरों की जीप जब गरामोड़ा नाके पर पहुंची तो स्वारघाट पुलिस ने मजदूरों को औपचारिकता पूर करने के लिए रोका। पुलिस ने मजदूरों को समझाया कि जब तक फोन के मैसेज पर आगे जाने की अनुमति नहीं मिलती, तब तक आगे नहीं जाना है। पुलिस ने बताया कि मजदूरों के फॉर्म स्कैन भी नहीं हुए थे। इससे पहले ही वे नाके से आगे निकल गए। सीटी चौकी बिलासपुर के प्रभारी लेखराज ने बताया कि उन्हें स्वारघाट थाना से फोन आया कि मजदूरों से भरी जीप आई है उसे वापस गरामोड़ा भेजा जाए।
जीप जब कॉलेज चौक पहुंची तो पुलिस ने रोक लिया। मजदूरों को वापस गरामोड़ा भेजा गया है। डीएसपी राजकुमार ने बताया कि गरामोड़ा नाके पर औपचारिकता पूरी करने के बाद मजदूरों को कुल्लू भेजा जाएगा। कहा कि बिना औपचारिकता पूरी किए मजदूर आगे आ गए थे। इसके कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी।