शिक्षकों की मेहनत से निखर रही प्रतिभा, जिला से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बना चुके हैं विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। छुट्टियों के बावजूद मुख्यमंत्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा के मैदान में हर सुबह और शाम खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। स्कूल के शिक्षक बच्चों को नियमित रूप से विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दे रहे हैं, ताकि वे आने वाली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण स्कूल लगातार नई पहचान बना रहा है।
रोजाना सुबह करीब 7 बजे स्कूल का मैदान बच्चों की चहल-पहल से गुलजार हो जाता है। विद्यार्थी दौड़, कबड्डी, वॉलीबाल, एथलेटिक्स समेत विभिन्न खेलों का अभ्यास करते हैं। प्रशिक्षकों की निगरानी में बच्चे फिटनेस, अनुशासन और खेल कौशल को निखारने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। स्कूल के विद्यार्थियों ने जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। कई खिलाड़ियों का चयन खेल कोटे के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में भी हुआ है, जिससे स्कूल और क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
इन सफलताओं के पीछे डीपीई राजेश और पीटीआई अजय की मेहनत अहम मानी जा रही है। दोनों शिक्षक छुट्टियों में भी नियमित रूप से बच्चों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनका कहना है कि खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होती है। अभिभावकों ने भी स्कूल की इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि खेल बच्चों को मोबाइल और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
स्कूल प्रधानाचार्य जगदीश सिंह ने कहा कि स्कूल में भले ही छुट्टियां चल रही हैं, लेकिन हमारे शिक्षक सुबह और शाम बच्चों को नियमित प्रशिक्षण दे रहे हैं। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कुठेड़ा स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कुठेड़ा स्कूल में बच्चों को कबड्डी का अभ्यास कराते शिक्षक। स्रोत: स्कूल प्रबंधन