हिमकोफेड निदेशक बोले, मुख्यमंत्री ने औपचारिकताएं पूरी करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कुहमंझवाड़ स्कूल को शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से बदलकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध किया जाएगा। वहीं, त्यूण-सरयूण क्षेत्र के लोगों की हरलोग को उप तहसील बनाने की मांग भी जल्द पूरी होगी। यह बात हिमकोफेड के निदेशक सदस्य आशीष ठाकुर ने कही।
बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इन दोनों मांगों को मंजूरी देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि शिमला में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकास संबंधी मांगें उठाई थीं। मुख्यमंत्री ने अधिकांश मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए उन्हें मंजूरी प्रदान की है। आशीष ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कुहमंझवाड़ पंचायत में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित करने की भी स्वीकृति दे दी है। जल्द ही मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इसकी तिथि निर्धारित की जाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याएं और मांगें सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर सदर कांग्रेस महासचिव करतार सिंह ठाकुर, सदर युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश कुमार, जोगिंद्र सिंह, युवा कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव लोहित हंस, कर्म सिंह और विनोद बंसल मौजूद रहे।