कोटधार नलवाड़ मेला की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद सदस्य। स्रोत: मेला समिति
-विशाल छिंज दंगल के साथ होगा मेले का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल के कोटधार क्षेत्र में लगने वाला कोटधार नलवाड़ मेला अब चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुका है और तेजी से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बन रहा है। मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेले के सफल आयोजन के लिए प्राचीन शिव मंदिर लग दयो के प्रांगण में मंगलवार बैठक हुई, जिसमें समिति के प्रधान कैप्टन ज्ञान चंद धीमान की अध्यक्षता में विस्तृत चर्चा हुई।
संस्थापक एवं महासचिव अमरनाथ धीमान ने बताया कि बैठक में मेले को यादगार बनाने के लिए 9 महत्वपूर्ण कमेटियों का गठन किया गया है। ये कमेटियां मेले के हर पहलू को संभालेंगी और सुचारु रूप से संचालन सुनिश्चित करेंगी। मेले का मुख्य रूप से हिमाचली सांस्कृतिक धरोहर को संजोने, नई पीढ़ी तक पहुंचाने और स्थानीय एकता को मजबूत करने के लिए आयोजित किया जाता है। मेले में ढोल-नगाड़ों की जोरदार गूंज, पारंपरिक नृत्य-संगीत, लोक गीत, नटी जैसी प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रोमांचक छिंज प्रमुख आकर्षण रहते हैं। पिछले वर्षों में मेले ने हजारों श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को आकर्षित किया है।