लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
बोले, प्रधानमंत्री ने गांव की ओर मोड़ा विकास का रुख
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की सलवाड़ पंचायत में लगभग 40 लाख के विकास कार्य विधायक जीतराम कटवाल ने जनता को समर्पित किए। उन्होंने बल्ह-चलोग गांव में सड़क और पुली, निहारी में सड़क तथा भ्यारा नाला में चेक डैम समेत अन्य कार्यों का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। ज्यादातर समस्याओं का समाधान मौके पर समाधान कर दिया। बाकी समस्याओं के निपटारे के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। कटवाल ने कहा कि देश की ज्यादातर आबादी गांवों में बसती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए गांवों का विकास बेहद जरूरी है। इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री ने विकास का रुख और बजट का मुख गांवों तथा पिछड़े क्षेत्रों की ओर मोड़ा है। हर गांव को सड़क से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार कारगर कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि झंडूता विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कों का नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है। मोदी सरकार और प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार के प्रयासों से झंडूता विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। क्षेत्र में 9 पुलों का निर्माण किया गया है, जिनमें अद्भुत इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना बागछाल पुल भी शामिल है। लोगों को स्वच्छ व पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए कुट बौंगड़ समेत पानी की 5 बड़ी योजनाएं बनाई गई हैं।
कार्यक्रम में बल्ह चलोग निवासी रमेश कुमार, सुभाष चंद, अशोक कुमार, नरोत्तम सिंह, किशोरी लाल और विमला देवी ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। जीतराम कटवाल ने हार और पटका पहनाकर भाजपा परिवार में उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले सभी नए सदस्यों को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।