विश्व वेटलैंड दिवस पर कन्या स्कूल बिलासपुर में जिला स्तरीय समारोह किया आयोजित
- कार्यक्रम के शुभारंभ में बच्चों को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विश्व वेटलैंड दिवस पर हिमकोस्टे के सौजन्य से बिलासपुर के कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के 10 स्कूलों के 100 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम के शुभारंभ में बच्चों को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। वहीं, वेटलैंड के संरक्षण को लेकर एक क्विज और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने पर्यावरण पर आधारित बहुत ही सुंदर चित्र बनाए।
कार्यक्रम में सदर वन परिक्षेत्र के अधिकारी कमल किशोर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि अधीक्षक श्यामलाल लखन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कन्या स्कूल की प्रधानाचार्य प्रिया पोसवाल ने स्वागत भाषण दिया व वेटलैंड के महत्व पर प्रकाश डाला।कमल किशोर ने वेटलैंड डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा धरती को सुंदर रखने की दृष्टि से प्राकृतिक जल स्रोतों, कुओं, नदी नालों व झीलों के संरक्षण की दृष्टि से वेटलैंड दिवस आरंभ किया गया था। वर्तमान समय में आधुनिकता के युग में हम परंपरागत प्राकृतिक तौर पर जल स्रोतों नदी नालों के महत्व को नहीं समझ पा रहे हैं l देखने में आ रहा है बहुत से स्थानों पर उद्योगों से निकलने वाले रासायनिक पदार्थों से युक्त गंदे पानी को प्राकृतिक जल स्रोतों, नदी-नालों व झीलों में डाला जा रहा है। जिससे जल में रहने वाले जीव समाप्त होने की कगार पर पहुंच चुके हैं। अपनी -अपनी जगह पर सभी की पर्यावरण को बचाने के प्रति आवश्यकता है, चाहे वह जल में रहने वाले या स्थल पर रहने वाले जीव हों।
वहीं, हिमकोस्टे सूचना अधिकारी डॉक्टर रित्विक चौहान ने बताया कि सरकार प्रदेश की सभी वेटलैंड को संरक्षित करने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में प्रदेश भर में आज के दिन लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। बिलासपुर गोबिंद सागर झील को वेटलैंड घोषित किया गया है। इसमें कुछ वर्ष से प्रवासी पक्षियों का आना शुरू हुआ है। सरकार इन प्रवासी पक्षियों को संरक्षित करने का पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि आज के विश्व वेटलैंड दिवस पर जिले भर के 10 सरकारी और निजी स्कूलों सरस्वती विद्या मंदिर बिलासपुर, डीएवी बिलासपुर, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल बिलासपुर, आर्यन पब्लिक स्कूल बिलासपुर, सीनियर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स और बॉयज कंदरौर और बिलासपुर, हाई स्कूल रघुनाथपुरा, चांदपुर स्कूल के लगभग 100 बच्चों ने भाग लिया।
इनसेट
प्रतियोगिता में यह रहे अव्वल
पेंटिंग के जूनियर विंग में कंदरौर स्कूल की पलक ठाकुर प्रथम, आर्यन पब्लिक स्कूल, बिलासपुर के निलाह दूसरे, डीएवी बिलासपुर की आन्या तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर विंग में कंदरौर स्कूल की साक्षी प्रथम, चांदपुर स्कूल की आरुषि ठाकुर दूसरे, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल के दिवांशु तीसरे स्थान पर रहे। सभी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।