- मंदिर में गरीब परिवारों के बच्चों की शादी कराने की होगी सुविधा
- जीर्णोद्धार के बाद कमेटी को ट्रस्ट में किया जाएगा तब्दील
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। हारे का सहारा कामरु श्याम सेवा समिति घुमारवीं ने शहर के एक पुराने मंदिर का जीर्णोद्धार कर इसे भव्य रूप देने का निर्णय लिया है। इसके लिए कमेटी ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। 13 विस्वा जमीन पर बनने वाले इस मंदिर में गरीब परिवारों के बच्चों की शादी के लिए एक बड़ा हॉल, संतों को ठहरने के लिए कमरों का निर्माण होगा। इसके साथ ही इस भव्य मंदिर में खाटू श्याम, शिव परिवार, राम दरबार, माता की भव्य मूर्तियां स्थापित होंगी। कमेटी ने इस पूरे कार्य के लिए नक्शा बनवाने का कार्य शुरू कर दिया है।
सनातन धर्म को आगे ले जाने व शहर के साथ नजदीकी गांव के लोगों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए कमेटी ने यह निर्णय लिया है। कमेटी के प्रधान कमल महाजन ने कहा कि यहां पुल के समीप करीब 60 वर्ष पुराना मंदिर है। यह मंदिर बाबा शंकर गिरी जी की तपोस्थली रही है। बाबा जी के समाधि लिए जाने के बाद मंदिर का रखरखाव महंत राजेंद्र गिरी जी कर रहे हैं। इस मंदिर के पास 13 विस्वा जमीन है। पिछले कई वर्ष से मंदिर का रखरखाव ठीक ढंग से नहीं हो पाने के कारण मंदिर जर्जर स्थिति में आ गया है। मंदिर को अब आधुनिक तरीके से बनाया जाएगा। नवंबर में जमीन को समतल करने के बाद जनवरी में भूमि पूजन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस पुण्य कार्य के लिए प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल पहुंचेंगे। मंदिर के इस कार्य के लिए कमेटी के सभी सदस्यों ने कमर कस ली है। बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद कमेटी को बदलकर ट्रस्ट बना दिया जाएगा। उन्होंने इस पुण्य कार्य के लिए सभी स्थानीय लोगों से सहयोग की भी अपील की। क्योंकि इस मंदिर के बन जाने के बाद हजारों गरीब परिवारों को अपनी कन्याओं की शादी कराने के लिए जगह उपलब्ध होगी। इसके साथ ही ट्रस्ट बनने के बाद गरीब कन्याओं की शादी में पूरा सहयोग किया जाएगा। इस मौके पर महंत राजेंद्र गिरी, कमेटी के सचिव रिंकू दुग्गल, कोषाध्यक्ष आशीष सोनी, अखिल सोनी, विशाल रतवान, मानिक रतवान, अभिषेक भारद्वाज मौजूद रहे।