-थायराइड, पाचन, दस्त, पेचिश, गठिया, संधिवात और त्वचा रोग में भी देती है राहत
-शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं कचनार में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। सेहतमंद जीवन के लिए प्रकृति ने हमें अनमोल खजाने दिए हैं, लेकिन आधुनिक जीवनशैली के चलते लोग इन्हें नजरअंदाज कर रहे हैं। पलथीं गांव के बुजुर्ग गुरदेव कौशल ने कहा कि इस समय करियाला (कचनार) और दागली के सेवन का सही समय है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इसका भरपूर उपयोग करें और बच्चों को भी इनकी आदत डालें।
आयुर्वेद के जानकार गुरदेव कौशल ने बताया कि करियाला और दागली औषधीय गुणों से भरपूर हैं। इनका सेवन करने से कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि आज की युवा पीढ़ी इनके गुणों से अनजान होती जा रही है, जबकि पहले के समय में लोग इसका नियमित सेवन कर स्वस्थ जीवन जीते थे। आयुर्वेद के अनुसार, करियाला बवासीर के इलाज में लाभकारी है। इसके कसैले गुण सूजन को कम करते हैं और रक्तस्राव रोकने में मददगार होते हैं। इसके अलावा, यह थायराइड, पाचन, दस्त, पेचिश, गठिया, संधिवात और त्वचा रोग जैसी समस्याओं में राहत प्रदान करता है। गुरदेव कौशल ने बताया कि करियाला घाव भरने में सहायक होता है और महिलाओं की मासिक धर्म संबंधी समस्याओं में भी लाभदायक है। कचनार के फूलों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं और इंसुलिन तंत्र को नियंत्रित कर उच्च रक्त शर्करा स्तर को कम करने में सहायक होते हैं। गुरदेव कौशल का कहना है कि हमें प्रकृति के इन नायाब उपहारों का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए और अपनी जीवनशैली में इन्हें शामिल करना चाहिए ताकि हम एक स्वस्थ और निरोगी जीवन जी सकें।