शिव मंदिर पनियाला पहुंची ज्योति कलश रथ यात्रा के दर्शन करते लोग। संवाद
भजन-कीर्तन, ढोल, नगाड़ों के साथ श्रद्धालुओं ने की आरती
शांतिकुंज हरिद्वार से आए वक्ता ने दिया जीवन प्रेरक प्रवचन
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से निकाली जा रही ज्योति कलश रथ यात्रा शनिवार को चौथे दिन शिव मंदिर पनियाला पहुंची। यहां पर श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति और कलश का पूजन किया। मंदिर परिसर में गायत्री मंत्र की गूंज के बीच जोरदार स्वागत किया।
इसके उपरांत यात्रा पनियाला से रवाना होकर परनाल पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर रथ यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। परनाल में गायत्री परिवार के स्थानीय परिजनों ने यात्रा के स्वागत में भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन किया। इसके पश्चात रथ यात्रा गायत्री चेतना केंद्र घुमारवीं पहुंची। श्रद्धालुओं ने डमरू, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्र परिसर में दीप यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। दीप यज्ञ के दौरान शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे विद्वान मंगतराम शर्मा ने प्रवचन देते हुए कहा कि दीपक हमें यह संदेश देता है कि जीवन में सदाचार और उत्कृष्टता का प्रकाश फैलाएं। उन्होंने कहा कि दीप यज्ञ का उद्देश्य मनुष्य को प्रेरित करना है कि वह अपने जीवन को दीपक की तरह समाज में रोशन करे और अंधकार मिटाए। गायत्री परिवार के जिला संयोजक परिवेश शर्मा ने जानकारी दी कि ज्योति कलश रथ यात्रा 9 नवंबर (रविवार) को संतोषी माता मंदिर हारकुकार पहुंचेगी, जहां स्थानीय ग्रामवासी यात्रा का स्वागत करेंगे। इसके उपरांत यह यात्रा कुल्लू जिला के लिए रवाना होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने शांति, सद्भाव और संस्कारों के प्रचार-प्रसार का भी संकल्प लिया। वहीं आयोजन में गायत्री परिवार के सेवादारों ने व्यवस्था का जिम्मा संभाला और श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा।