11 अगस्त को जिला रोजगार कार्यालय में होगा कैंपस इंटरव्यू, चार कंपनियां लेंगी भाग
दसवीं पास से स्नातक तक के युवाओं को मिलेगा मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में 11 अगस्त को लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेला सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। जिला रोजगार अधिकारी बिलासपुर राजेश मेहता ने बताया कि इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की चार प्रतिष्ठित कंपनियों के लिए 610 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में बारबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड की ओर से किचन हेल्पर/स्टीवर्ड के 500 पदों के लिए दसवीं पास और 18 से 30 साल आयु के अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 11,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ पीएफ एवं ईएसआई की सुविधा मिलेगी। कार्यस्थल दिल्ली, पुणे, मुंबई, गुजरात, चेन्नई एवं बेंगलुरु रहेगा। इसी तरह इंडिया फर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की ओर से बिजनेस एसोसिएट के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए स्नातक पास और 25 से 50 साल के अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 12,500 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी और कार्यस्थल बिलासपुर रहेगा। वहीं, एयर प्लाजा रिटेल प्राइवेट लिमिटेड (विशाल मेगा मार्ट) की ओर से सेल्स एसोसिएट के 10 पदों के लिए 10वीं, 12वीं अथवा स्नातक पास और 18 से 35 वर्ष आयु के अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 12,700 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा और कार्यस्थल बिलासपुर रहेगा।
उन्होंने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड की ओर से सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 80 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 19 से 40 आयु के शारीरिक रूप से फिट अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और वजन 54 से 95 किलोग्राम के बीच होना आवश्यक है। ड्यूटी की अवधि 8 से 12 घंटे रहेगी और कार्यस्थल हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ रहेगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों, जैसे मूल प्रमाणपत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, जन्मतिथि प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा की प्रति, अनुभव प्रमाणपत्र सहित निर्धारित स्थान, तिथि व समय पर उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-222450 पर संपर्क किया जा सकता है।