फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: जिप बैठक में उठे सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं के मद्दे

विज्ञापन
विज्ञापन
जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला मुख्यालय में वीरवार को जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष बिमला देवी ने की। इसमें जिले में चल रहे विकास कार्यों, विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट लेते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष मानसिंह ने स्वाहण–कटीरड पंगवाना तथा पंजपौड़ा–कोठी हरयाला मियोठ कल्लरी संपर्क सड़कों के निर्माण का मुद्दा उठाया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि दोनों सड़कों की डीपीआर तैयार हो चुकी है, लेकिन फॉरेस्ट क्लीयरेंस लंबित है। क्लीयरेंस मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। स्वारघाट में प्रस्तावित नशा मुक्ति केंद्र की प्रगति पर भी चर्चा हुई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि केंद्र का कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में नशे की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिला विकास अधिकारी ने बताया कि अब तक 1255 मकान स्वीकृत किए गए थे। इनमें से 967 मकानों को दूसरी किस्त जारी हो चुकी है, जबकि 537 मकान बनकर तैयार हो चुके हैं। आपदा के दौरान 432 नए मकान स्वीकृत किए गए हैं, जिनका पंजीकरण और स्वीकृति कार्य प्रगति पर है और इसे 31 दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

बैठक में श्री नयना देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खराब हो चुकी सीढ़ियों का मुद्दा भी उठा। विभाग ने बताया कि लिफ्ट से मंदिर तथा बस स्टैंड से मंदिर तक के मार्ग की मरम्मत का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य एक माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। जिला परिषद सदस्य प्रेम सिंह ठाकुर ने श्री नयना देवी जी अस्पताल के शेष निर्माण कार्य और स्टाफ की कमी का विषय उठाया। साथ ही आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी रानी कोटला व सोलधा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नम्होल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा भी सामने रखा। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस संबंध में निदेशक स्वास्थ्य हिमाचल प्रदेश को अवगत करवा दिया गया है। उपाध्यक्ष मानसिंह ने ग्राम पंचायत बैहल में किकर वाली संपर्क सड़क की खराब हालत पर नाराजगी जताई। लोक निर्माण विभाग ने भरोसा दिलाया कि 20 फरवरी तक सड़क का सुधारीकरण कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

बैठक में कीरतपुर साहिब–नैरचौक फोरलेन पर गरा बघेरी बैरियर पर लगे कैमरों से गलत चालान होने का मामला भी उठा। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि तकनीकी खराबी के कारण चालान हुए थे, जिन्हें अब ठीक कर दिया गया है। 15वें वित्तायोग के तहत सोलर लाइटों की स्थापना को लेकर जिला परिषद सदस्य ईश्वर दास शर्मा ने सवाल उठाया। हिम ऊर्जा के अधिकारियों ने बताया कि 27 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है और कुल 238 सोलर लाइटों की जियो टैगिंग पूरी कर सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिया गया है। यह कार्य दो माह में पूरा होगा। बैठक के अंत में अध्यक्ष बिमला देवी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें