कोसरियां में मिली महिला के शव के मामने में मौके पर जांच में जुटी पुलिस। स्रोत: जागरूक पाठक
सदर थाना क्षेत्र के दनोह-कोसरियां गांव में एक प्रवासी महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव किराये के मकान के साथ बने सेप्टिक टैंक में डालकर पति और उसके दो भाई अपने गृह राज्य झारखंड फरार हो गए हैं। हत्या का अंदेशा न हो उन्होंने सीमेंट से सेप्टिक टैंक के मुहाने को सील कर दिया था। झारखंड से आई एक कॉल ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने टैंक से शब बरामद कर लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप धवल स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने टैंक, मकान और आसपास के क्षेत्र से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान गुड़िया देवी (36) पत्नी गोविंद चौहान निवासी गांव नोडिया लोहारसी, डाकघर लोहारसी, थाना पांकी, जिला पलामू (झारखंड) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गुड़िया देवी अपने पति गोविंद चौहान और उसके भाइयों बंसी चौहान व गुड्डू चौहान के साथ बिलासपुर में मजदूरी कर रही थी। सभी कोसरियां गांव में एक मकान में किराये पर रह रहे थे। करीब चार से पांच दिन पहले गोविंद चौहान और उसके दोनों भाई झारखंड चले गए थे। हालांकि गुड़िया देवी उनके साथ वहां नहीं पहुंची। इस दौरान मकान बंद रहा, जिससे किसी को अंदर हुई वारदात की भनक तक नहीं लगी।
रविवार देर शाम मृतका के भाई सुखवीर चौहान जो झंडूता क्षेत्र में मजदूरी करता है को उसके जीजा के एक भाई बंसी चौहान के ससुर का झारखंड से फोन आया। उन्होंने बताया कि गोविंद चौहान ने गुड़िया देवी की हत्या कर शव को बिलासपुर के कोसरियां स्थित किराये के मकान के सेप्टिक टैंक में डाल दिया है और ऊपर से सीमेंट लगाकर टैंक को बंद कर दिया गया है। सूचना मिलते ही सुखवीर चौहान मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सोमवार को पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान का निरीक्षण किया। जब घर के साथ बने अंडरग्राउंड सेप्टिक टैंक को खुलवाया गया तो ऊपर सीमेंट की मोटी परत पाई गई। सीमेंट हटाने के बाद टैंक के भीतर से महिला का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव को जानबूझकर टैंक में डालकर सील किया गया, ताकि अपराध लंबे समय तक छिपा रहे। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से गोविंद चौहान, बंसी चौहान और गुड्डू चौहान फरार हैं। उधर, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को बदवू आने की बात कही।
मृत महिला के भाई सुखवीर चौहान के बयान के आधार पर थाना सदर में हत्या करने और सबूतों को मिटाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, घरेलू कलह और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ पाएगा।
तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी वर्तमान लोकेशन झारखंड में होने की पुष्टि हुई है। इस संबंध में पलामू जिले के एसएसपी से संपर्क कर आरोपियों को हिरासत में लेने का अनुरोध किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है, जिसे झारखंड रवाना कर दिया गया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।- संदीप धवल, एसपी बिलासपुर