बिलासपुर। झंडूता मंडल भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने मंडल कार्यकारिणी के साथ ही सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक में चुनाव के मद्देनजर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी देकर रूपरेखा तैयार की। साथ ही कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए।विधायक ने अपने आवास पर पहले भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम देखा। साथ प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से किए गए विभिन्न शिलान्यास कार्यक्रमों को भी देखा। इस दौरान वोकल फॉर लोकल कार्यक्रम के बरठीं पंचायत के प्रगतिशील किसान रवि ने उन्हें बोनसाई ग्राफ्टिंग प्लांट भी भेंट किए। यह पौधे नेरचौक, टांडा मेडिकल कॉलेज और ऊना क्षेत्रीय अस्पताल को भेंट किए जाएंगे। जीतराम कटवाल ने कहा कि सभी लोगों को अत्यधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र सरकार कारगर कदम उठा रही है। इसके तहत दो दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और अनुराग ठाकुर के साथ बिलासपुर एम्स में 410 करोड़ रुपये की लागत से लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट, एडवांस रेडिएशन थेरेपी के लिए स्थापित अत्याधुनिक मशीनों सीटी स्कैन व एमआरआई समेत कई अन्य सुविधाओं का उद्घाटन किया। कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रहित हमेशा सर्वोपरि रहा है। इसके विपरीत कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल व्यक्तिगत स्वार्थ की राजनीति करते हैं। यही कारण है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के मतलबी और मौकापरस्त गठबंधन को कदम-कदम पर नाकामी झेलनी पड़ रही है। कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को झंडूता से कम से कम 25 हजार वोटों की बढ़त दिलाई जाएगी।