- घुमारवीं थाना क्षेत्र के पलथी में किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर हुआ हादसा
- जीप चालक के खिलाफ मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घुमारवीं थाना क्षेत्र के पलथी में किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर जीप ने गलत दिशा में आकर बाइक और किनारे खड़े कैंटर को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर चालक के बयान पर जीप चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में प्रकाश चंद निवासी गांव कल्लर डाकघर औहर, तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर ने बताया कि पेशे से चालक हूं। शनिवार रात को कैंटर को लेकर कुल्लू जा रहा था। रात करीब 8:30 बजे किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पलथी के पास कैंटर को खड़ा कर ढाबे पर खाना खाने के लिए जाने लगा। उसी दौरान भगेड़ की ओर से एक जीप गलत दिशा से फोरलेन पर आई और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद उसके कैंटर को भी टक्कर मार दी। नीचे गिरे बाइक सवार युवक को उठाने लगे तो वह दम तोड़ चुका था। शिकायतकर्ता के अनुसार हादसा जीप चालक पवन कुमार निवासी बिलासपुर के कारण हुआ है। मृतक युवक की पहचान विकास शर्मा (29) पुत्र गांव फगोग डाकघर बलोह तहसील झंडूता जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने की है।